नयी दिल्ली, 28 जुलाई मध्य प्रदेश के अनुभवी ऑफ स्पिनर सारांश जैन को श्रीलंका में होने वाली श्रृंखला के लिए मंगलवार को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया, जो घरेलू क्रिकेट में पिछले एक दशक में उनके शानदार प्रदर्शन का नतीजा है। चयनकर्ताओं ने अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की श्रृंखला के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की। पीटीआई ने रविवार को एक रिपोर्ट में खुलासा कर दिया था कि वाशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के कारण उनकी जगह 33 वर्षीय सारांश को भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है। वाशिंगटन की मांसपेशियों में इंग्लैंड दौरे के दौरान खिंचाव आ गया था। दो टेस्ट मैच की यह श्रृंखला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो (एसएससी) में होगा। इस श्रृंखला की तैयारी के लिए भारत सात अगस्त से चार दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगा। वाशिंगटन की अनुपस्थिति में शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम को दाएं हाथ के उंगली के स्पिनर (ऑफ स्पिनर) की जरूरत थी, इसी वजह से सारांश को टीम में शामिल किया गया है। चंद्रकांत पंडित की कोचिंग में मध्य प्रदेश की रणजी ट्रॉफी विजेता टीम के प्रमुख सदस्य रहे लंबे कद के ऑफ-स्पिनर सारांश ने हाल ही में भारत ए के श्रीलंका दौरे के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए दो मैचों में छह विकेट लेने के साथ एक पारी में नाबाद 70 रन भी बनाए थे। रविंद्र जडेजा और मानव सुथार दोनों बाएं हाथ के परंपरागत (ऑर्थोडॉक्स) स्पिनर हैं जबकि कुलदीप यादव बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर हैं, ऐसे में चयनकर्ताओं ने स्पिन विभाग में विविधता लाने के लिए ऑफ स्पिनर के रूप में सारांश का चयन किया। जडेजा की टीम में वापसी की है। उन्हें जून में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र घरेलू टेस्ट मैच से विश्राम दिया गया था। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान संन्यास लेने वाले आर अश्विन की जगह टीम में शामिल किए गए मुंबई के ऑलराउंडर तनुष कोटियन अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं बनाए रख पाए जिससे उन्हें चयन समिति का समर्थन नहीं मिला। टीम में शामिल अन्य खिलाड़ियों का चयन अपेक्षित था। श्रीलंका ए के खिलाफ मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 विकेट लेने वाले दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने अपनी जगह बरकरार रखी है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन को फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया है। टीम के श्रीलंका रवाना होने से पहले इस महीने के अंत में भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा। अभी तक हालांकि किसी आधिकारिक स्टैंडबाय खिलाड़ी का नाम नहीं बताया गया है, लेकिन बुमराह के चोट से पूरी तरह से उबरने में विफल रहने की स्थिति में विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी विकल्प के तौर पर मौजूद हैं। भारतीय टीम इस प्रकार है: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal