Monday , July 27 2026

जिम्बाब्वे पर जीत के बाद भारत फिर बना नंबर-1, इंग्लैंड को पछाड़ा; इशान किशन टॉप बल्लेबाज

भारतीय क्रिकेट टीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की पुरुषों की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम रैंकिंग में एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। हरारे में खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज में जिम्बाब्वे पर लगातार दो जीत दर्ज करने के बाद भारत ने रैंकिंग में इंग्लैंड को पीछे छोड़ दिया। मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारत ने पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को सात विकेट से हराया था। इसके बाद दूसरे टी20 में 90 रन की बड़ी जीत दर्ज कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। इन लगातार जीतों का सीधा असर आईसीसी रैंकिंग पर पड़ा और भारतीय टीम फिर से नंबर-1 पर पहुंच गई। इससे पहले भारत को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं आयरलैंड के खिलाफ भी टीम को 0-2 से शिकस्त मिली थी। हालांकि जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार वापसी करते हुए भारत ने फिर से अपनी बादशाहत कायम कर ली।
इशान किशन बने नंबर-1 टी20 बल्लेबाज
आईसीसी की ताजा बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय सलामी बल्लेबाज इशान किशन 892 रेटिंग अंक के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। दूसरे टी20 में अर्धशतक लगाने वाले अभिषेक शर्मा 858 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं दूसरे मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले तिलक वर्मा 733 रेटिंग अंकों के साथ आठवें स्थान पर कायम हैं।
गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती टॉप-10 में
गेंदबाजों की टी20 रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती शीर्ष-10 में शामिल इकलौते भारतीय हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ मौजूदा सीरीज का हिस्सा नहीं होने के बावजूद वह 683 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com