Tuesday , July 21 2026

Kanwar Yatra 2026 : कांवड़ यात्रा को लेकर यूपी सरकार अलर्ट, मुख्यसचिव और डीजीपी ने मेरठ में की बैठक

कांवड यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराये जाने हेतु सोमवार को मुख्यसचिव एसपी गोयल एवं डीजीपी राजीव कृष्णा की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक मेरठ स्थित मंडलायुक्त सभागार में की गई। इस दौरान मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ, मुरादाबाद मंडल एवं उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान राज्य के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने कहा कि कांवड यात्रा को सकुशल संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे बिना किसी अप्रिय घटना एवं बिना किसी दुर्घटना के सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना हम सभी का साझा दायित्व है। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों एवं दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।
कांवड़ उठाने के स्थलों, स्नान घाटों, प्रमुख मंदिरों एवं जलाभिषेक स्थलों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रूप से सुनिश्चित की जाएं। सभी कांवड़ मार्गों पर आवश्यकतानुसार चिकित्सा शिविर, बाइक एम्बुलेंस, एम्बुलेंस सेवा तथा अस्पतालों में पर्याप्त बेड आरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जीरो इंसीडेंट जीरो एक्सीडेंट अचीव करने के लक्ष्य के साथ कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक डायवर्जन के दृष्टिगत सभी संबंधित जनपदों एवं सीमावर्ती राज्यों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए। सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान, संयुक्त रूट प्लानिंग तथा प्रत्येक बिंदु पर पूर्व तैयारी सुनिश्चित करते हुए भीड़ प्रबंधन एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाई जाए, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुविधाजनक ढंग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों एवं एक्सप्रेस-वे के एंट्री एवं एग्जिट प्वाइंट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक कार्मिक तैनात किए जाएं, ताकि मार्ग की जानकारी के अभाव में कांवड़ यात्री भ्रमित न हों तथा उन्हें निर्धारित मार्ग पर सुरक्षित रूप से भेजा जा सके। पड़ोसी राज्यों के एंट्री प्वाइंट एवं चेक पोस्ट पर सतत समन्वय बनाए रखा जाए। किसी भी परिस्थिति में सूचना संप्रेषण में बाधा न आए तथा आवश्यक सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। डीजे संचालन सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप कराया जाए। बैठक में एडीजी भानु भास्कर, आयुक्त मेरठ मंडल भानू चन्द्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, सहारनपुर, अलीगढ, मुरादाबाद मंडलों के कमिश्नर, डीआईजी, सीमावर्ती राज्यो के वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण, जिलाधिकारी मेरठ डा वीके सिंह, एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय सहित कई अधिकारी शामिल रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com