Saturday , July 18 2026

CM योगी का कैराना दौरा आज : 262 करोड़ की नई पीएसी वाहिनी का करेंगे उद्घाटन, कई विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को कैराना दौरे पर रहेंगे। अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ऊंचागांव में करीब 262 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नई पीएसी वाहिनी का उद्घाटन भी करेंगे।
जनसभा के बाद करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
भाजपा नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजे विजय सिंह पथिक महाविद्यालय पहुंचेंगे। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद वह क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम ऊंचागांव में नवनिर्मित पीएसी वाहिनी के उद्घाटन का है।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा पुलिस बल की तैनाती की गई है।जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक नगेन्द्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
2021 के बाद दूसरी बार कैराना पहुंचेंगे सीएम योगी
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले नवंबर 2021 में कैराना आए थे। उस दौरान उन्होंने विजय सिंह पथिक महाविद्यालय से कई विकास परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण और शिलान्यास किया था। साथ ही कटरा धर्मशाला पहुंचकर वर्ष 2014 के पलायन के बाद लौटे एक व्यापारी परिवार से मुलाकात की थी और व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया था। मुख्यमंत्री के एक बार फिर कैराना आगमन को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। स्थानीय लोगों में भी विकास परियोजनाओं की सौगात को लेकर उत्साह का माहौल है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com