ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के फैसले को लेकर तुरंत पलटी मारते हुए शनिवार को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर दोबारा प्रतिबंध लगा दिये। उसने यह फैसला तब किया जब इससे पहले अमेरिका ने कहा कि इस कदम से उसकी नाकेबंदी समाप्त नहीं होगी। देश की संयुक्त सैन्य कमान ने शनिवार को कहा कि ”होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण पहले की स्थिति में लौट आया है … और अब यह सशस्त्र बलों के कड़े प्रबंधन और नियंत्रण में है।” उसने चेतावनी दी कि जब तक ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रहेगी, तब तक जलडमरूमध्य से आवागमन भी बाधित रखा जाएगा। यह घोषणा सुबह की गई, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी नाकेबंदी तब तक ”पूरी तरह प्रभावी बनी रहेगी” जब तक तेहरान अमेरिका के साथ समझौते पर नहीं पहुंचता, जिसमें उसके परमाणु कार्यक्रम का मुद्दा भी शामिल है।
आंशिक रूप से हवाई क्षेत्र खोलने की घोषणा
ईरान ने अमेरिका और इजराइल से संघर्ष की वजह से गत सात सप्ताह से बंद अपने हवाई क्षेत्र को शनिवार को आंशिक रूप से खोलने की घोषणा की। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। नागरिक उड्डयन संगठन ने बताया कि पूर्वी ईरान के ऊपर के हवाई मार्ग स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजे (जीएमटी के अनुसार तड़के साढ़े तीन बजे) से दोबारा खोल दिए गए हैं। सरकारी स्वामित्व वाले ‘ईरान’ अखबार के मुताबिक, देश के हवाई अड्डों पर उड़ानें धीरे-धीरे फिर से शुरू होंगी, हालांकि इसके लिए कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई गई है। गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले शुरू किए जाने के बाद से देश का हवाई क्षेत्र बंद था। अब इसे आंशिक रूप से फिर से खोलने का फैसला ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम लागू होने के एक हफ्ते से अधिक समय बाद लिया गया है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal