उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ जनपद के दौरे के दौरान दशकों से बंद पड़ी परदाहा मिल का निरीक्षण किया और कहा कि मिल की करीब 85 एकड़ भूमि पर एक आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना मऊ के औद्योगिक पुनरुत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा। इस दौरान उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने मिल परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रही तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित औद्योगिक क्लस्टर के विकास कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बंद पड़ी यह मिल अब विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित होगी। मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। लहर हाथ को हुनर और काम इस योजना का मूल उद्देश्य है। इस औद्योगिक क्लस्टर के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। श्री शर्मा ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों के आवंटन की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही एक ऑनलाइन प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे उद्यमियों को आवेदन और आवंटन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। औद्योगिक क्लस्टर ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा। इससे न केवल रोजगार सृजन होगा, बल्कि निवेश को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए मंत्री ने विश्वास जताया कि मऊ जल्द ही अपनी औद्योगिक पहचान को पुनः स्थापित कर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी, व्यापारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal