Sunday , April 19 2026

नेपाल के राजनेता ने की यूपी सरकार की सराहनाः बोले हरि चरण शाह- नेपाल सीमा के जिलों में विकास से बढ़ा सहयोग

नेपाल के प्रमुख राजनीतिक दल नेपाली जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरि चरण शाह ने उत्तर प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि नेपाल सीमा से लगे जिलों में हुए विकास कार्यों ने दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर माहौल और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने में यूपी सरकार की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। भारत दौरे के दौरान लखनऊ पहुंचे शाह ने कहा कि भारत-नेपाल संबंधों में उत्तर प्रदेश की भूमिका बेहद अहम है। दशकों से सीमावर्ती जिलों में ‘रोटी-बेटी’ का रिश्ता कायम है, जो सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का मजबूत आधार है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में नेपाली मूल के लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं। इससे न केवल उनकी आजीविका मजबूत हुई है, बल्कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग भी बढ़ा है। शाह ने कहा कि नेपाल की लंबी सीमा उत्तर प्रदेश से जुड़ी हुई है और इन क्षेत्रों में सड़क, कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं के विकास से दोनों देशों को सीधा लाभ मिला है। सीमावर्ती इलाकों में विकास कार्यों से पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश और नेपाल के बीच धार्मिक संबंध भी गहरे हैं। माता सीता का मायका जनकपुर (नेपाल) में है, जबकि ससुराल अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में स्थित है। यह सांस्कृतिक और धार्मिक संबंध दोनों क्षेत्रों को स्वाभाविक रूप से जोड़ते हैं। शाह ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भारत और नेपाल के बीच सहयोग और मजबूत होगा तथा सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास दोनों देशों के लिए लाभकारी साबित होगा।
‘रोटी-बेटी’ का रिश्ता बना मजबूत आधार
नेपाल और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के बीच वर्षों पुराना ‘रोटी-बेटी’ का रिश्ता सामाजिक समरसता की मिसाल है। रोजगार, व्यापार और सांस्कृतिक जुड़ाव ने इस संबंध को और मजबूत किया है, जिससे दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग लगातार बढ़ रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com