Tuesday , March 17 2026

कुंभ 2027 को दिव्य-भव्य बनाने की तैयारी तेज, हरिद्वार पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों का जायजा लिया, इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर कुंभ से जुड़े अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से तैयारी कर रही है। साथ ही कुंभ की व्यवस्थाओं को लेकर साधु-संतों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ भी विचार-विमर्श किया गया है, ताकि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित माहौल मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर देहरादून और हरिद्वार में अधिकारियों के साथ बैठकें की जा रही हैं और वे स्वयं भी लगातार हरिद्वार पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द शुरू होने वाली चार धाम यात्रा को लेकर भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें। वहीं देश के अन्य राज्यों में होने वाले चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता विकास कार्यों को देखते हुए डबल इंजन सरकारों को प्राथमिकता दे रही है और आगे भी भारतीय जनता पार्टी को समर्थन मिलेगा। इसके साथ ही हरिद्वार-ऋषिकेश में प्रस्तावित कॉरिडोर परियोजनाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बनने वाले धार्मिक और पर्यटन कॉरिडोर सरकार की प्राथमिकता में हैं और इन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com