कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को राजधानी में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गोमती तट स्थित मनकामेश्वर घाट पर ढाई लाख दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। दीयों से बनी रंगोलियों में कहीं मोर तो कहीं बांके बिहारी की आकर्षक आकृतियां उकेरी गईं। इन रंगोलियों को देखने और तस्वीरें लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शाम छह बजे से घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां शुरू हुईं। इसके बाद महंत दिव्या गिरि ने विधि-विधान से मां गोमती की आरती की। आरती के दौरान घाट पर भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। आरती के बाद हुई आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठा। लोगों ने आतिशबाजी के नजारे को मोबाइल में कैद किया। कार्तिक पूर्णिमा पर गोमती के विभिन्न घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कुड़ियाघाट और झूलेलाल घाट समेत अन्य घाटों पर लोगों ने स्नान और दान किया। शाम को दीप जलाकर देव दीपावली मनाई गई। खतरा के शिव मंदिर घाट पर धनंजय द्विवेदी की ओर से आरती की गई।
झूलेलाल पार्क में सजा कतकी मेला
गंगा स्नान और देव दीपावली के उल्लास के बीच राजधानी का ऐतिहासिक कतकी मेला भी मंगलवार से शुरू हो गया। गोमती तट स्थित झूलेलाल पार्क में दुकानदारों ने दुकानें सजा ली हैं। करीब सवा महीने तक चलने वाले इस मेले में खरीदारी के साथ मनोरंजन का भी आकर्षण रहेगा। यहां क्रॉकरी, स्टील और पीतल के बर्तन, रसोई के सामान, खिलौने और सजावटी वस्तुओं की दुकानें लगी हैं।
नवाबी दौर से जुड़ा कतकी मेला लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। पहले डालीगंज पुल और सूरजकुंड के आसपास लगने वाला यह मेला अब झूलेलाल पार्क तक पहुंच गया है। नवाबों ने छोटे दुकानदारों और मिट्टी के बर्तन बनाने वाले कारीगरों को यहां दुकान लगाने की सुविधा दी थी। हिंदू-मुस्लिम दुकानदारों की साझा भागीदारी आज भी इसे अवध की गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बनाए हुए है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal