Wednesday , November 25 2026

Vehicle Scrappage नियमों में संशोधन से Auto Companies को 25,000 करोड़ की राहत

अगर कोई वाहन निर्माता कंपनी भारत में अपना कारोबार जारी रखती है, तो उसे अब पुरानी गाड़ियों की भविष्य में होने वाली रिसाइक्लिंग लागत को अपनी बैलेंस शीट में देनदारी के रूप में दर्ज नहीं करना होगा। केंद्र सरकार ने वाहन कबाड़ नीति से जुड़े नियमों में बदलाव कर ऑटोमोबाइल कंपनियों को बड़ी राहत दी है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब वाहन कंपनियों ने पुराने नियमों के कारण उद्योग पर हजारों करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका जताई थी। केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने पर्यावरण संरक्षण नियम, 2025 में संशोधन किया है। 20 नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, अब नियम 4 के उपनियम (6) को केवल उन वाहन निर्माताओं पर लागू किया जाएगा, जो भारत में अपना कारोबार हमेशा के लिए बंद कर देंगे। जो कंपनियां देश में अपना काम जारी रखेंगी, उन्हें इस प्रावधान के तहत भविष्य में गाड़ियों को कबाड़ करने की अनुमानित लागत अपनी देनदारी के रूप में दर्ज नहीं करनी होगी। दरअसल, इस साल वाहन उद्योग से जुड़ी संस्था सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने सरकार के सामने इस नियम को लेकर चिंता जताई थी। संस्था का कहना था कि नए कबाड़ नियमों और भारतीय लेखा मानक 37 को एक साथ लागू करने से वाहन कंपनियों पर बड़ा आर्थिक बोझ पड़ सकता है। इस लेखा मानक के तहत कंपनियों को भविष्य में होने वाले कुछ संभावित खर्चों का अनुमान लगाकर अपनी वित्तीय रिपोर्ट में देनदारी के रूप में दिखाना पड़ता है। सियाम ने साल की पहली छमाही में पर्यावरण मंत्रालय को भेजे पत्र में कहा था कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से पर्यावरणीय मुआवजे की दर तय होने के बाद वाहन कंपनियों को पुराने बेचे गए वाहनों की रिसाइक्लिंग पर होने वाले खर्च का प्रावधान करना पड़ सकता है। संस्था के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में पूरे वाहन उद्योग पर करीब 25,000 करोड़ रुपये का एकमुश्त बोझ पड़ सकता था। वहीं, वर्तमान मूल्य के आधार पर यह रकम करीब 9,000 करोड़ रुपये आंकी गई थी। गौरतलब है कि जीवनकाल पूरा कर चुके वाहनों को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से कबाड़ करने के लिए ये नियम 1 अप्रैल 2025 से लागू किए गए थे। इनके तहत वाहन कंपनियों को हर साल पुराने वाहनों को कबाड़ करने से जुड़े लक्ष्य पूरे करने होते हैं। ये लक्ष्य कंपनी की ओर से 15 से 20 साल पहले बेचे गए वाहनों की संख्या के आधार पर तय किए जाते हैं। हालांकि, सरकार के नए बदलाव में उन कंपनियों के लिए अलग व्यवस्था रखी गई है, जो अपना कारोबार स्थायी रूप से बंद कर देंगी। ऐसी कंपनियों को बंद होने के समय पिछले 15 साल में बेचे गए मालवाहक और अन्य परिवहन वाहनों की जानकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को देनी होगी। दूसरे वाहनों के मामले में पिछले 20 साल का ब्योरा देना होगा। इसके बाद बोर्ड कंपनी की बची हुई विस्तारित उत्पादक जिम्मेदारी (ईपीआर) तय करेगा। कंपनी को इस जिम्मेदारी को पूरा करने में आने वाले खर्च का अनुमान लगाकर अपनी वित्तीय रिपोर्ट में देनदारी दर्ज करनी होगी। इसमें ईपीआर प्रमाणपत्र खरीदने की लागत भी शामिल होगी। बता दें कि वाहन निर्माता कंपनियां अपने कबाड़ लक्ष्य पूरे करने के लिए खुद गाड़ियां कबाड़ करने के बजाय पंजीकृत वाहन कबाड़ केंद्रों से ऑनलाइन माध्यम से ईपीआर प्रमाणपत्र खरीद सकती हैं। ये प्रमाणपत्र कबाड़ की गई गाड़ियों से निकाले गए इस्पात के वजन के आधार पर जारी होते हैं। कंपनियां इन प्रमाणपत्रों के जरिए अपनी जिम्मेदारी पूरी कर सकती हैं। नए संशोधन से कारोबार जारी रखने वाली कंपनियों को संभावित भारी आर्थिक बोझ से राहत मिली है, जबकि स्थायी रूप से कारोबार बंद करने वाली कंपनियों की जिम्मेदारी पहले की तरह बनी रहेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com