उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार में अंतिम संस्कार किया जाएगा। 91 वर्ष की उम्र में उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। मां के निधन की सूचना मिलते ही सीएम योगी आदित्यनाथ गांव पहुंचे। उन्होंने मां के अंतिम दर्शन किए और उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। इस दौरान उनकी आंखे नम नजर आई। मां को खोने का दुख उनकी आंखों में साफ नजर आ रहा है। सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 10 बजे हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा। नीलधारा गंगा के तट पर होने वाले अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर लीं हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। रातभर सीएम योगी की मां के अंतिम दर्शन करने के लिए मंत्री और नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अंतिम विदाई में मौजूद रहेंगे।
बाबा रामदेव ने दी CM योगी की माता जी को श्रद्धांजलि
बाबा रामदेव ने दिवंगत माता सावित्री देवी को नमन करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक ऐसे यशस्वी पुत्र को जन्म दिया जिसने सनातन धर्म और राष्ट्र धर्म की कीर्ति को विश्व पटल पर स्थापित किया। रामदेव ने उनके पैतृक गांव पंचूर और यमकेश्वर से अपने पुराने जुड़ाव को भी याद किया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रखा गया माता सावित्री देवी का शव
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार चंडी घाट पर किया जाएगा। जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। घाट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मां की ममता और एक बेटे की सिसकियां: पंचूर में मां सावित्री देवी को विदाई देते हुए छलक पड़े CM योगी के आंसू
हर रोज़ सख्त प्रशासक और अडिग छवि के साथ नज़र आने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक बेटे के रूप में बेहद टूटते और भावुक होते दिखाई दिए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में जब उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी, तो उनकी आंखों का दर्द और मन का खालीपन साफ झलक रहा था। मां के निधन की खबर के बाद गांव पहुंचे सीएम योगी अपनी मां के पार्थिव शरीर के पास बेहद भावुक दिखे। जिस मां ने उंगली पकड़कर चलना सिखाया और जीवन के हर मोड़ पर दुआओं का साया बनकर रहीं, उनके जाने का ग़म शब्दों में बयां करना मुश्किल है। अंतिम विदाई के पल में सीएम योगी बच्चों की तरह सिसकते और रोते हुए नज़र आए। यह दृश्य वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर गया। सत्ता और ज़िम्मेदारियों के बीच मां के खोने का यह दर्द हर उस इंसान को छू गया, जिसने अपनी मां की ममता को करीब से महसूस किया है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal