Saturday , November 14 2026

Bihar में Ganga नदी पर बने छह लेन पुल का नाम होगा Nitish Setu, Samrat Choudhary ने किया एलान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य सरकार ने गंगा नदी पर निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखने का निर्णय किया है। चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर आएंगे और इस दौरान प्रधानमंत्री कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। चौधरी ने कहा कि इसके अलावा वह वैशाली जिले के राजापाकड़ में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनोपयोगी एवं विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन भी करेंगे। गंगा नदी पर निर्मित यह महत्वाकांक्षी पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके चालू होने से पटना, वैशाली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पत्रकारों से कहा, ‘‘नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार अराजकता और जंगलराज के दौर से निकलकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा। यदि ऐसी प्रतिष्ठित शख्सियत, जिनकी यह महत्वाकांक्षी परियोजना थी, के नाम पर किसी पुल का नाम रखा जाता है, तो बिहार की जनता को अत्यंत गर्व महसूस होगा।’’ उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि इससे नीतीश कुमार की विरासत संरक्षित रहेगी और राज्य के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘खंडित बिहार को एकजुट करने वाले और सड़कों एवं पुलों का जाल बिछाकर राज्य को विकास की नई दिशा तथा गति देने वाले नेता के नाम पर इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखना पूरे राज्य के लिए गर्व और सम्मान की बात है।’’ केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह ने भी पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर प्रयासों को हमेशा याद किया जाएगा। यह पुल बिहार के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।’’ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने भी बिहार सरकार की इस पहल को ‘ऐतिहासिक’ बताया। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने ‘बर्बाद हो चुके बिहार के पुनर्निर्माण’ और राज्य को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का श्रेय नीतीश कुमार को दिया। उन्होंने कहा, ‘‘नीतीश कुमार ने उस राज्य का पुनर्निर्माण किया, जो पूरी तरह बर्बाद हो चुका था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com