घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और इस सप्ताह अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले सतर्कता के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 536.30 अंक टूटकर 72,583.86 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 200.10 अंक फिसलकर 22,402.80 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स और एक्सिस बैंक के शेयर लाभ में रहे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव 2.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 114.2 डॉलर प्रति बैरल रहा। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में कारोबार कर रहे हैं जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 887.65 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal