Friday , October 23 2026

Delhi में शुक्रवार सुबह AQI 225 दर्ज, हवा खराब श्रेणी में पहुंची

दिल्ली में शुक्रवार सुबह धुंध की परत छाई रही और वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शहर में सुबह नौ बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 225 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है। शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था। इसके बाद लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक था। आया नगर और रिज में न्यूनतम तापमान क्रमशः 19.1 डिग्री और 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के आंकड़ों के अनुसार, 38 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 18 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा। सूचीबद्ध केंद्रों में पूसा में सबसे अधिक 290 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके बाद आरके पुरम में 284 और रोहिणी में 279 एक्यूआई दर्ज किया गया। ये आंकड़े ‘बहुत खराब’ श्रेणी के करीब थे। नरेला में एक्यूआई 272, जबकि मथुरा रोड और द्वारका में 268-268 दर्ज किया गया। अन्य केंद्रों में दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में एक्यूआई 240, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 केंद्र पर 228 और आनंद विहार में 216 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच के एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com