राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान जताया है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के मौसम की जानकारी देने वाले प्रमुख केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के मुकाबले 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। शनिवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पालम में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 19.3 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है।’’ दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार सुबह ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 134 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार शाम चार बजे पिछले 24 घंटे का औसत एक्यूआई 90 था, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal