Sunday , October 18 2026

पश्चिमी यूपी में थमा बारिश-हवाओं का दौर, अब बदलेगा मौसम; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर अब थमता नजर आ रहा है। शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाओं के झोंके भी चले। बारिश और हवाओं के कारण दिन के तापमान में नरमी बनी रही। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 15 और 16 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर तेज झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, पूर्वांचल के कुछ इलाकों में भी छिटपुट बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ जाएगा। इसके बाद प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। शनिवार से बारिश से राहत मिलने के आसार हैं। इस दौरान दिन के तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बढ़ेगी। यानी बारिश और तेज हवाओं के बाद अब मौसम धीरे-धीरे साफ होने के साथ दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक का असर देखने को मिल सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com