दशहरा और दीपावली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यूपीपीसीएल ने गांवों से महानगरों तक बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने, तकनीकी खामियां दूर करने और विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर दिया है। रामलीला स्थलों, दशहरा मेलों और शोभायात्रा मार्गों पर ढीले तारों, झुके खंभों और ट्रांसफार्मरों की जांच कर जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत अनुरक्षण कार्य तेज किए गए हैं। अधिकारियों को दिन-रात आपूर्ति की निगरानी और त्योहारों से पहले जरूरी मरम्मत पूरी कराने को कहा गया है।
यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने कहा कि त्योहारों पर सुरक्षित और सुचारु बिजली आपूर्ति विभाग की प्राथमिकता है। विभाग ने उपभोक्ताओं से गुणवत्तापूर्ण लाइट और तार इस्तेमाल करने, ओवरलोडिंग से बचने तथा बिजली संबंधी मरम्मत प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन से कराने की अपील की है।
बिजली सजावट में बरतें सावधानी
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि सजावट के लिए कटे-फटे तार, खुले जोड़ और घटिया गुणवत्ता की झालरें इस्तेमाल न करें। एक सॉकेट में कई उपकरण लगाकर ओवरलोडिंग से बचें। बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और तारों पर सजावट न बांधें। गीले हाथों से स्विच न छुएं और खुले में लगे बिजली कनेक्शन को बारिश व नमी से बचाएं। कहीं तार टूटकर गिरा हो या चिंगारी निकल रही हो तो उसे छूने या खुद ठीक करने के बजाय तुरंत बिजली विभाग को सूचना दें। मरम्मत का काम बिजली आपूर्ति बंद कराकर प्रशिक्षित इलेक्ट्रीशियन से ही कराएं।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal