Saturday , September 5 2026

लगातार दूसरे दिन भारी बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम, IMD का येलो अलर्ट जारी

दिल्ली और आसपास के NCR इलाकों में शनिवार को लगातार दूसरे दिन मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहा। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूरे दिल्ली-NCR के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने शनिवार दिन भर गरज के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को मौसम में सुधार होने की संभावना है और 8 सितंबर तक इस इलाके में मौसम सूखा रहेगा। फिर भी, IMD ने लोगों को शनिवार को सावधान रहने और ज़रूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है, क्योंकि दिन भर गरज के साथ भारी बारिश जारी रहेगी। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाजियाबाद तथा हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी भारी बारिश जारी रहेगी। विभाग ने बताया कि इस क्षेत्र में कम दबाव का एक स्पष्ट क्षेत्र (well-marked low-pressure area) बनने के कारण व्यापक और भारी बारिश हो रही है। इसके अलावा, IMD ने चेतावनी दी है कि शनिवार को पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
राजधानी में जलभराव और ट्रैफिक जाम
शुक्रवार को राजधानी में भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया और ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हुई। दिल्ली और गुरुग्राम के कई हिस्सों में, खासकर कनॉट प्लेस (CP), लुटियंस दिल्ली, ITO, साइबर सिटी कमर्शियल हब, शंकर चौक और शीतला माता रोड जैसी प्रमुख जगहों पर ट्रैफिक जाम की खबरें आईं। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर भी उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे कई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट ने एक बयान में कहा, “आज दोपहर दिल्ली एयरपोर्ट पर भारी बारिश हुई; जिसके कारण अप्रोच रोड और फोरकोर्ट वाले इलाकों में पानी जमा हो गया। जमा पानी को कुछ समय में हटा दिया गया। खराब मौसम का असर उड़ानों के संचालन पर भी पड़ा, जिससे कुछ उड़ानें देरी से चलीं और कुछ को डायवर्ट करना पड़ा।” बारिश के बाद राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी सुधार हुआ। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार को AQI 71 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। CPCB के अनुसार, 0 से 50 के बीच की रीडिंग को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com