Saturday , September 5 2026

Amit Shah ने Saket के Max Hospital में 400 बेड वाली नई इमारत का किया उद्घाटन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को साकेत में एक निजी अस्पताल में 400 बिस्तरों वाली नयी इमारत का उद्घाटन किया। एक बयान के मुताबिक, साकेत स्थित मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में यह इमारत बनने के बाद इसमें कुल बिस्तर क्षमता लगभग 1,200 तक हो गई है, जिससे यह बिस्तर क्षमता के हिसाब से दिल्ली का सबसे बड़ा निजी अस्पताल बन जाएगा। गृह मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दिल्ली के साकेत में मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के नए भवन का उद्घाटन किया। यह नई सुविधा अस्पताल शृंखला द्वारा जनसेवा के 25 साल की यात्रा में एक और अहम पड़ाव है। इस शृंखला ने अकेले पिछले साल ही 3.60 लाख लोगों को 244 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक मुफ़्त मेडिकल सुविधाएं दी हैं। इस नई सुविधा से ऐसी सेवाएं और बढ़ेंगी, जिससे और अधिक लोगों को लाभ होगा।” उद्घाटन समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं। दिल्ली के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पंकज कुमार सिंह और दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। बयान के मुताबिक, अस्पताल में 22 से अधिक विशेषज्ञताओं में इलाज की सुविधाएं उपलब्ध होगी, जिससे दिल्ली और आसपास के लोगों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अभय सोई ने कहा कि इस अत्याधुनिक नए केंद्र में भारत और दुनिया भर के लोगों को उन्नत एवं उच्च गुणवत्ता वाली देखभाल सुविधाएं प्रदान की जाएंगी और इसमें अत्याधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com