Tuesday , August 25 2026

OTS के लिए नगर निगम के सभी जोन में बनी हेल्प डेस्क; ऐसे मिलेगा गृहकर बकाये पर लाभ

लखनऊ नगर निगम में गृहकर, सीवर और जलकर के बकायेदार भवन स्वामियों के लिए राहत की खबर है। शासन की ओर से एकमुश्त समाधान योजना (OTS) 15 अगस्त से शुरू कर दी गई है। योजना के तहत 1 अप्रैल 2026 तक के बकाये पर ब्याज और सरचार्ज में छूट दी जाएगी। बकायेदारों की सुविधा के लिए नगर निगम ने अपने सभी आठ जोन में हेल्प डेस्क बनाई हैं। यहां भवन स्वामी योजना की जानकारी लेने के साथ ही ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन भी कर सकेंगे।
OTS योजना में क्या मिलेगा लाभ?
1 अप्रैल 2026 तक के बकाये पर ब्याज और सरचार्ज में छूट मिलेगी। योजना के तहत बकायेदार अपना आवेदन ऑनलाइन या ऑफलाइन जमा कर सकेंगे। सभी आठ जोन में हेल्प डेस्क के जरिए आवेदन और योजना से जुड़ी जानकारी मिलेगी। आवेदन जमा करने के बाद नगर निगम की ओर से बकाये का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाएगा।
आवेदन कैसे करें?
बकायेदार भवन स्वामी संबंधित जोन की हेल्प डेस्क पर जाकर ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने के बाद हस्ताक्षर और मुहर लगी रसीद लेना अनिवार्य होगा। ऑनलाइन आवेदन करने वालों के आवेदन की प्रति डाउनलोड कर उसे आवेदन की तारीख के क्रम में सुरक्षित रखा जाएगा।
बकायेदारों को मिलेगा बकाये का पूरा हिसाब
नगर निगम योजना के तहत प्रत्येक डिफाल्टर को उसके बकाये की धनराशि, ब्याज और अन्य देय राशि का पूरा विवरण उपलब्ध कराएगा। यह प्रक्रिया 15 अगस्त से 14 सितंबर के बीच पूरी की जानी है। कर अधीक्षक, वार्ड लिपिक, राजस्व निरीक्षक और अन्य वसूलीकर्ता अधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। वार्ड लिपिकों को बकायेदारों को भेजी गई सूचनाओं का प्रतिदिन रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वार्डों में लगेंगे विशेष शिविर
योजना का ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ दिलाने के लिए नगर निगम सभी वार्डों में प्रचार-प्रसार करेगा। जोनल अधिकारी, क्षेत्रीय पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि विशेष शिविर और गोष्ठियां आयोजित कर लोगों को OTS की जानकारी देंगे। सरकारी विभागों में भी योजना के तहत आवेदन शुरू हो गए हैं। विद्युत विभाग ने अपने भवनों के लिए एकमुश्त समाधान योजना के तहत आवेदन किया है।
कर्मचारियों को दिया गया OTS सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण
नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में OTS सॉफ्टवेयर और योजना की प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह और विनय कुमार राय की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण में सभी जोन के टैक्स सुपरिंटेंडेंट और कर्मचारी शामिल हुए।
जोनवार ई-मेल पर भी कर सकेंगे संपर्क
योजना से जुड़ी जानकारी, समस्या या पत्राचार के लिए नगर निगम मुख्यालय और सभी आठ जोन के ई-मेल जारी किए गए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com