उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रतापगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने जीआईसी ग्राउंड में आयोजित जनसभा के दौरान सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र की 384 करोड़ रुपये की लागत वाली 111 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही मौसम ने करवट ली और बारिश शुरू हो गई, लेकिन कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार जारी रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर से पहुंचे। वहां से वह सड़क मार्ग से सीधे जीआईसी ग्राउंड स्थित जनसभा स्थल पहुंचे। मंच पर पहुंचकर उन्होंने हाथ जोड़कर उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को मां बेल्हा देवी का चित्र और ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत आंवला से तैयार उत्पाद भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, भाजपा प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य, पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ‘मोती’, पूर्व मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा, सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल, शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व विधायक धीरज ओझा, राजा अनिल प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के पुलिस लाइन हेलीपैड पर पहुंचते ही बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी अपने स्थान पर डटे रहे। जनसभा के दौरान भी लगातार बारिश होती रही, हालांकि इसका कार्यक्रम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और सभी निर्धारित गतिविधियां संपन्न हुईं।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal