Saturday , July 4 2026

इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 40 रन से हराया, अब फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से होगी महामुकाबला

महिला टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 40 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब रविवार को खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड का सामना उसकी चिर-प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया से होगा। मैच में कप्तान नेट सायवर-ब्रंट ने 75 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि हीथर नाइट ने 58 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच 90 गेंदों में 133 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई, जिसने इंग्लैंड की पारी को मजबूती दी। शानदार प्रदर्शन के लिए नेट सायवर-ब्रंट को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। टॉस जीतने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 23 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए। ऐमी जोंस (2), डेनियल वॉयट (12) और एलिस केप्सी (1) जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद नेट सायवर-ब्रंट और हीथर नाइट ने जिम्मेदारी संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 133 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। सायवर-ब्रंट ने 47 गेंदों में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 75 रन बनाए, जबकि हीथर नाइट ने 47 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 58 रन की पारी खेली। इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 169 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एन म्लाबा और शबनिम इस्माइल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मैरीजान कैप्प को एक सफलता मिली। 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 129 रन ही बना सकी। तेंजमिन बिट्स ने सर्वाधिक 51 रन बनाए, जिसमें छह चौके शामिल रहे। उनके अलावा कप्तान लॉरा वुलफार्ट ने 17, क्लोई ट्राइऑन ने 12, सुने लूस ने 11 और एन डी क्लर्क ने नाबाद 14 रन का योगदान दिया। टीम के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इंग्लैंड की ओर से लॉरेन बेल और शार्लेट डीन ने दो-दो विकेट हासिल किए। फ्रेया कैंप और लिंसी स्मिथ ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है, जहां रविवार को उसका मुकाबला महिला क्रिकेट की सबसे सफल टीम ऑस्ट्रेलिया से होगा। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह खिताबी मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com