Thursday , July 2 2026

रोहित यादव का ऐतिहासिक कारनामा: 87.05 मीटर भाला फेंककर नीरज चोपड़ा को पीछे छोड़ा, एशियन गेम्स 2026 के लिए किया क्वालिफाई

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के अदारी डभिया गांव के युवा जैवलिन थ्रोअर रोहित यादव ने भारतीय एथलेटिक्स में नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 87.05 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया और वर्ष 2026 में जापान के नागोया में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।
अंतिम प्रयास में रचा इतिहास
भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम प्रयास में रोहित यादव ने 87.05 मीटर का बेहतरीन थ्रो किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने वर्ष 2022 का मीट रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इसके अलावा मौजूदा सीजन में वह भारत के नंबर-1 जैवलिन थ्रोअर बन गए।
रोहित ने अपनी सफलता का श्रेय लगातार अभ्यास, कोचिंग और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान वह लगातार 86 से 87 मीटर तक भाला फेंक रहे थे और प्रतियोगिता में भी उसी प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहे।
गांव में जश्न का माहौल
रोहित की ऐतिहासिक जीत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव अदारी डभिया पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटी, पटाखे जलाए और एक-दूसरे को बधाई देकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
पूर्व मैराथन धावक और रोहित के पिता सभाजीत यादव ने कहा कि बेटे की मेहनत और समर्पण ने न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उत्तर प्रदेश को भी मिला बड़ा फायदा
रोहित यादव के स्वर्ण पदक की बदौलत उत्तर प्रदेश ने पुरुष टीम चैंपियनशिप में 71 अंकों के साथ ट्रॉफी भी अपने नाम की।
दुनिया में दूसरी रैंकिंग तक पहुंचे
25 वर्षीय रोहित यादव के शानदार प्रदर्शन के बाद वह देश के नंबर-1 और दुनिया के दूसरे सर्वश्रेष्ठ जैवलिन थ्रोअर बन गए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विश्व रैंकिंग में श्रीलंका के थरंगा पाथिरागे पहले स्थान पर हैं, जबकि नीरज चोपड़ा 85.69 मीटर के साथ चौथे स्थान पर हैं। रोहित का 87.05 मीटर का थ्रो उन्हें वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला साबित हुआ है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com