Wednesday , July 1 2026

वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद भी नंबर-1 रहीं भारतीय गेंदबाज, टॉप-10 में ये बल्लेबाज शामिल

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने नई टी20 रैंकिंग जारी कर दी है। हालांकि भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, लेकिन व्यक्तिगत रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है।भारतीय स्पिनर श्री चरणी ने गेंदबाजी रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। वहीं बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत की तीन बल्लेबाज टॉप-10 में अपनी जगह बनाए हुए हैं।
श्री चरणी बनी हुई हैं दुनिया की नंबर-1 टी20 गेंदबाज
भारतीय स्पिनर श्री चरणी पिछले सप्ताह पहली बार टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 बनी थीं और ताजा रैंकिंग में भी उन्होंने यह स्थान कायम रखा है। महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने कुल 14 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसका फायदा उन्हें रैंकिंग में भी मिला। भारतीय टीम की ओर से दीप्ति शर्मा भी गेंदबाजी रैंकिंग के टॉप-10 में शामिल हैं। वहीं इंग्लैंड की लॉरेन बेल ने सातवें स्थान से चौथे स्थान तक लंबी छलांग लगाई है।
बल्लेबाजी रैंकिंग में तीन भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा
महिला टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वॉल पहले स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि इंग्लैंड की चार्ली डीन दूसरे स्थान पर हैं। भारतीय खिलाड़ियों में स्मृति मंधाना पांचवें, शेफाली वर्मा छठे और कप्तान हरमनप्रीत कौर 10वें स्थान पर मौजूद हैं। हालांकि ऋचा घोष और जेमिमा रोड्रिग्स को ताजा रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ा है।
ऑलराउंडर रैंकिंग में दीप्ति शर्मा टॉप-5 में
टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में भारत की ओर से दीप्ति शर्मा अकेली खिलाड़ी हैं, जो टॉप-10 में शामिल हैं। वह फिलहाल पांचवें स्थान पर हैं। वहीं शेफाली वर्मा ने चार स्थान की छलांग लगाते हुए 22वां स्थान हासिल किया है।
टीम रैंकिंग और सेमीफाइनल का समीकरण
महिला टी20 टीम रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया पहले, इंग्लैंड दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर बना हुआ है। इस बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों का कार्यक्रम भी तय हो चुका है। पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना वेस्टइंडीज से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com