Wednesday , July 1 2026

नीट परीक्षा को लेकर एक्शन में धर्मेंद्र प्रधान, NTA ने कहा- ‘अफवाहों से बचें छात्र, 24 घंटे खुली है हेल्पलाइन’

चिकित्सा पाठ्यक्रमों (MBBS/BDS) में प्रवेश के लिए आगामी 21 जून को दोबारा आयोजित होने जा रही NEET-UG एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) पूरी तरह मुस्तैद हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरूवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की रणनीति पर चर्चा की गई। गौरतलब है कि इस साल 3 मई को हुई नीट परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दिया गया था, जिसकी जांच वर्तमान में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है।
हाई-लेवल मीटिंग में शिक्षा मंत्री के कड़े निर्देश
हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन और ऑफलाइन) में आयोजित इस बेहद अहम बैठक में शिक्षा मंत्रालय, राज्य सरकारों, एनटीए और उच्च शिक्षण संस्थानों के 222 वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में ईमानदारी, पारदर्शिता और कुशलता के उच्चतम मानकों को हर हाल में बनाए रखना होगा। मंत्रालय द्वारा तैनात विशेष अधिकारी सभी राज्यों में जाकर परीक्षा व्यवस्था का समन्वय करेंगे और सीधे एनटीए महानिदेशक की अध्यक्षता वाले कंट्रोल रूम को रिपोर्ट करेंगे। राज्य सरकारों के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केंद्रों पर छात्रों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करें ताकि वे बिना किसी मानसिक दबाव के परीक्षा दे सकें। इस बैठक में स्कूली शिक्षा सचिव संजय कुमार, उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी और एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने जिला प्रशासन, खुफिया एजेंसियों और राज्य पुलिस के साथ बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड की तैयारियों की जानकारी दी।
NTA की परीक्षार्थियों से अपील
परीक्षा से महज तीन दिन पहले, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने देश भर के लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक विशेष और संवेदी संदेश जारी किया है। एनटीए ने छात्रों से सोशल मीडिया पर चल रही परीक्षा स्थगित होने जैसी भ्रामक खबरों और अफवाहों को पूरी तरह खारिज करने को कहा है।
एजेंसी ने छात्रों को दिए ये खास मंत्र
एनटीए ने कहा कि लाखों छात्रों ने इस परीक्षा के लिए दिन-रात मेहनत की है। अब समय अफवाहों पर ध्यान देने का नहीं, बल्कि अपनी तैयारी पर विश्वास रखने का है। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए इस बार सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल के प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा। परीक्षा से जुड़ी किसी भी टाइमलाइन या जानकारी के लिए छात्र केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
24 घंटे उपलब्ध है मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन
एनटीए ने माना कि पिछला अनुभव छात्रों के लिए कठिन था, लेकिन व्यवस्था को अब और मजबूत किया गया है। यदि कोई भी छात्र इस समय मानसिक दबाव या तनाव महसूस कर रहा है, तो वह सरकारी हेल्पलाइन नंबर 14416 पर चौबीसों घंटे संपर्क कर विशेषज्ञ की मदद ले सकता है। इसके साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों को सकारात्मक माहौल देने की अपील की गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com