प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को आइसलैंड, फिनलैंड और डेनमार्क के अपने समकक्षों के साथ अलग-अलग बैठकों के दौरान स्वच्छ ऊर्जा, व्यापार, सतत विकास और डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने ये बैठकें तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन से पहले कीं। आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रन फ्रॉस्टडॉटिर, फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो और डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के साथ अपनी बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और तीनों नॉर्डिक देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समग्र दिशा पर चर्चा की। मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रन फ्रॉस्टडॉटिर के साथ मेरी एक शानदार मुलाकात हुई। भारत आइसलैंड के साथ अपनी मित्रता को बहुत महत्व देता है।” उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने स्वच्छ ऊर्जा, मत्स्य पालन, सतत विकास, भू-तापीय ऊर्जा तथा कार्बन कैप्चर और स्टोरेज जैसे क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। मोदी ने कहा, ”ब्लू इकोनॉमी से संबंधित क्षेत्रों में आइसलैंड की क्षमता सराहनीय है। हमें उम्मीद है कि ऐतिहासिक भारत-ईएफटीए टीईपीए व्यापार और निवेश संबंधों को भी गति प्रदान करेगा।” विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार ओस्लो में आयोजित तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के इतर मोदी और फ्रॉस्टडॉटिर के बीच हुई चर्चा में नवीकरणीय ऊर्जा, नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी, रचनात्मक अर्थव्यवस्था, आर्कटिक सहयोग और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे मुद्दे भी शामिल रहे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ”नेताओं ने आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।” फिनलैंड के प्रधानमंत्री ओर्पो के साथ एक अलग बैठक में, मोदी ने व्यापार और निवेश, डिजिटलीकरण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), 5जी और 6जी, क्वांटम प्रौद्योगिकियों, सतत विकास, नवीकरणीय ऊर्जा और चक्रीय अर्थव्यवस्था में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। जायसवाल ने बताया कि उन्होंने नवाचार, शिक्षा, गतिशीलता और लोगों के बीच संबंधों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने ”भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के शीघ्र लागू होने के महत्व पर जोर दिया” और आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal