प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के गिर सोमनाथ जिले का दौरा करेंगे और सुबह लगभग 10:15 बजे सोमनाथ मंदिर में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में भाग लेंगे। यह मंदिर बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है और भारत की अटूट आस्था तथा सभ्यतागत विरासत का प्रतीक है। यह महोत्सव पुनर्निर्मित मंदिर के उद्घाटन के 75
वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। उत्सव के हिस्से के रूप में प्रधानमंत्री मोदी कई शुभ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे ‘विशेष महापूजा’ में भाग लेंगे, जिसके बाद ‘कुंभाभिषेक’ और ‘ध्वजारोहण’ समारोह संपन्न होंगे, जो प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान और मंदिर के ध्वज फहराने के प्रतीक हैं।
वह वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। सोमनाथ की समृद्ध विरासत और आध्यात्मिक महत्व को चिह्नित करने के लिए प्रधानमंत्री इस अवसर पर एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे। पीएम मोदी की इस वर्ष सोमनाथ की यह दूसरी यात्रा है। इससे पहले 10-11 जनवरी को उन्होंने ‘सोमनाथ
स्वाभिमान पर्व’ में हिस्सा लिया था, जो मंदिर पर हुए पहले बड़े हमले के 1,000 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने आठ मई को ‘एक्स’ पर अपनी एक पोस्ट में कहा था, “पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर, मुझे 11 मई को एक बार फिर वहां जाने का सौभाग्य
मिलेगा।”
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal