Thursday , May 7 2026

सिफारिश खत्म, अब मेरिट का राज… CM योगी ने 481 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में 481 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें आयुष विभाग के 202 प्रोफेसर, रीडर, चिकित्सा अधिकारी एवं स्टाफ नर्स तथा व्यावसायिक शिक्षा विभाग के 272 अनुदेशक शामिल हैं। इसके अलावा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के 7 नर्स, हॉस्टल वार्डन और कंपाउंडर भी इस सूची में शामिल हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब नौकरी पाने के लिए किसी भी प्रकार की सिफारिश या अनुशंसा की जरूरत नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि नीयत साफ हो और नीति स्पष्ट हो तो भर्ती प्रक्रिया में देरी नहीं होती। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने पारदर्शी भर्ती का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “आवेदन से लेकर नियुक्ति तक किसी भी युवा के साथ अन्याय नहीं हुआ। हमने आयोगों को जवाबदेही सौंपी और तकनीक का पूरा उपयोग किया। पहले पैसा देकर भर्ती होती थी, जाति-धर्म देखा जाता था और प्रतिभाएं हताश होकर पलायन कर जाती थीं। यूपी बीमारू राज्य बन गया था। आज स्थिति पूरी तरह बदल गई है।” योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यह उनके द्वारा पिछले 15 दिनों का चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि अब यूपी देश का ग्रोथ इंजन बन गया है। अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है, प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है और प्रदेश को अब कोई बीमारू राज्य नहीं कहता। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यूपी में अब गुंडे-माफियाओं का दौर खत्म हो गया है। पिछले वर्ष चार हजार से अधिक बड़े निवेशक प्रदेश आए हैं और उद्योगों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 32 हजार हो गई है। उन्होंने नए नियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी, समर्पण और मेहनत के साथ काम करने की अपील की।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने की CM की तारीफ
इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को बिना किसी भ्रष्टाचार के नौकरियां दी गई हैं। मंत्री अग्रवाल ने कौशल विकास कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि डीडीयूजीकेवाई के तहत ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है और आईटीआई में नए ट्रेड जैसे सोलर, इलेक्ट्रिक व्हीकल, 3डी प्रिंटिंग और एविएशन शुरू किए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की तुलना हनुमान जी से करते हुए उनके सशक्त नेतृत्व की सराहना की।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com