Thursday , May 7 2026

शौर्य और संकल्प का प्रतीकः राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर किया नमन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का सशक्त प्रतीक बताते हुए कहा है कि इसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानदंड स्थापित किया है। सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा, ” ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर हम अपने सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन करते हैं, जिनका साहस और समर्पण निरंतर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। इस अभियान के दौरान उनके कार्यों ने अद्वितीय सटीकता, सेवाओं के बीच निर्बाध संयुक्तता और गहरे समन्वय का परिचय दिया, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानदंड स्थापित किया।” उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का एक सशक्त प्रतीक है, जो दर्शाता है कि हमारे सशस्त्र बल हर महत्वपूर्ण क्षण में निर्णायक कार्रवाई करने के लिए सदैव तैयार हैं। यह भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रगति का भी प्रमाण है, जो क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्रीय दृढ़ता को भी सुदृढ़ कर रही है। उल्लेखनीय है कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए पिछले वर्ष आज के दिन ही ऑपरेशन सिंदूर चलाया था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com