Saturday , May 2 2026

मेट्रो कर्मियों ने पेश की ईमानदारी की मिसाल: आजमगढ़ के यात्री का लौटाया 3.80 लाख रुपये से भरा बैग

लखनऊ मेट्रो के ‘लॉस्ट एंड फाउंड’ (Lost and Found) सेल ने एक बार फिर बड़ा उदाहरण पेश किया है। इस सेल ने परिचालन की शुरुआत से लेकर अब तक यात्रियों को 51 लाख रुपये से अधिक की नकदी लौटाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि मेट्रो कर्मचारियों की ईमानदारी और कुशलता को दर्शाती है। शुक्रवार को भी यही ईमानदारी मेट्रो कर्मचारियों में देखने को मिली है, मेट्रो कर्मचारियों ने एक यात्री के 3 लाख से अधिक रुपये से भरा बैग वापस किया है। दरअसल, मेट्रो के सिंगार नगर स्टेशन पर अजमगढ़ स्थित संजरपुर निवासी मो. आतिफ़ अपना बैग भूल गये। जिसमें एक सैमसंग मोबाइल, 2,000 रुपये नकद और अन्य कीमती सामान मौजूद था। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उस बैग में भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा भी थी, जो कुल 15,000 रियाल (भारतीय मुद्रा में लगभग 3,79,000 रुपये) थी। लखनऊ मेट्रो के ज्वाइंट जनरल मैनेजर पंचानन मिश्रा ने बताया कि उचित सत्यापन प्रक्रिया के बाद, ‘लॉस्ट एंड फाउंड’ सेल ने बैग और उसकी पूरी सामग्री यात्री को सौंप दिया। उन्होंने बताया कि यह घटना यात्री सेवा के प्रति लखनऊ मेट्रो के समर्पण और खोई हुई संपत्ति को संभालने की इसकी मजबूत प्रणाली का प्रमाण है, जो शहर के यात्रियों के बीच गहरा विश्वास पैदा कर रही है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि इसी सप्ताह बुधवार को ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन पर एक और घटना हुई, जहां एक महिला का पर्स मिला, जिसमें 20,457 रुपये नकद, दो अंगूठियां और एक जोड़ी इयरिंग थे। उचित सत्यापन के बाद यह पर्स भी उसके असली मालिक को लौटा दिया गया था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com