राष्ट्रीय राजधानी के सफदरजंग में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया। अन्य मौसम निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 23.6 डिग्री सेल्सियस, रिज में 25 डिग्री सेल्सियस और अयानगर में 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार है और पूर्वानुमानों से संकेत मिले हैं कि कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश भी हो सकती है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 136 रहा, जो ‘‘मध्यम’’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 0-50 एक्यूआई ‘‘अच्छा’’, 51-100 ‘‘संतोषजनक’’, 101-200 ‘‘मध्यम’’, 201-300 ‘‘खराब’’, 301-400 ‘‘अत्यंत खराब’’ और 401-500 ‘‘गंभीर’’ माना जाता है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal