प्राचीन कर्कटेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में शनिवार को विकास कार्यों की औपचारिक शुरुआत हुई। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। मानसखंड माला मिशन के तहत मंदिर परिसर के विकास के लिए 4.98 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मौके पर आयोजित जनसभा में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि काकड़ीघाट स्थित यह पावन स्थल स्वामी विवेकानंद की तपस्थली के रूप में विशेष पहचान रखता है, जिससे इसकी धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे सभी आस्था केंद्रों के संरक्षण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में धार्मिक स्थलों का अभूतपूर्व कायाकल्प हुआ है। काशी और अयोध्या की तर्ज पर उत्तराखंड के पौराणिक स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है, जिससे राज्य की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद कर्कटेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal