Wednesday , April 1 2026

श्री गोलू देवता कॉरिडोर को 117.22 करोड़ रुपये की मंजूरी

पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में चम्पावत जनपद को आस्था, पर्यटन एवं खेल के समेकित केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।जनपद चम्पावत में बहुप्रतीक्षित ‘श्री गोलू देवता कॉरिडोर (जोन-ए)’ के प्रथम चरण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 117.22 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इससे जनपद में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। नियोजन विभाग की संस्तुति के उपरांत मिली इस स्वीकृति के तहत श्री गोल्ज्यू मंदिर क्षेत्र को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। लगभग 254 करोड़ रुपये की कुल अनुमानित लागत वाली इस परियोजना में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण एवं संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल सुविधा, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, सांस्कृतिक थीम आधारित भव्य प्रवेश द्वार तथा स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों के लिए व्यवस्थित विक्रय स्थल विकसित किए जाएंगे। इससे धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
युवाओं के लिए बनेगा अत्याधुनिक स्टेडियम
इसी परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक बहुउद्देशीय स्टेडियम का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसमें एथलेटिक्स ट्रैक, बहु-खेल मैदान, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, प्रशिक्षण कक्ष और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं मिलेंगी और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ेंगी।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत को प्रमुख आस्था एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘श्री गोलू देवता कॉरिडोर’ परियोजना से क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com