Saturday , March 21 2026

चुनावी घोषणा पत्र में TMC की 10 ‘प्रतिज्ञाएं’, महिलाओं-युवाओं-किसानों पर बड़ा फोकस

तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी किया जिसमें मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं के दायरे को व्यापक बनाने, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने और बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित 10 वादे किए गए हैं। घोषणापत्र का अनावरण करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के लगातार चौथी बार सत्ता में लौटने पर ये प्रतिबद्धताएं सरकार के लिए मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगी। उन्होंने कहा, ”मैं आपके समक्ष आदरपूर्वक अपनी 10 ‘प्रतिज्ञाएं’ प्रस्तुत करती हूं जो अगले पांच वर्षों में हमारी सरकार की यात्रा का मार्ग प्रशस्त करेंगी।” प्रमुख प्रतिबद्धताओं में से एक है घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने की पहल – ‘दुआरे चिकित्सा’ शुरू करने का वादा जिसके तहत राज्य सरकार हर साल प्रत्येक ब्लॉक और कस्बे में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करेगी। बनर्जी ने कहा, ”स्वास्थ्य सेवाएं हर घर के आंगन तक पहुंचेंगी। हर ब्लॉक और कस्बे में ‘दुआरे चिकित्सा’ शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके घर पर ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।” पार्टी ने महिलाओं के लिए शुरू किए गए एक प्रमुख कल्याणकारी कार्यक्रम ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत दी जाने वाली राशि को बढ़ाने का भी वादा किया। बनर्जी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण उनकी सरकार की केंद्रीय प्राथमिकता बनी हुई है। पार्टी द्वारा किए गए संशोधित लाभ के वादे के तहत मासिक वित्तीय सहायता में 500 रुपये की वृद्धि की जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये मिलेंगे, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों से संबंधित महिलाओं को प्रत्यक्ष हस्तांतरण के माध्यम से प्रति माह 1,700 रुपये प्राप्त होंगे। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ”घोषणापत्र में किए गए वादों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास का पहिया बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ता रहे और खुशियों की रोशनी मेरे प्यारे बंगाल के हर घर तक पहुंचे”।
TMC के मैनिफेस्टो में क्या-क्या?
25 साल से कम उम्र के युवाओं को अप्रेंटिसशिप में 1 लाख रुपये की सालाना मदद की जाएगी।
10 लाख तक का स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड दिया जाएगा।
गरीब परिवारों को हर साल 10 LPG सिलेंडर मुफ्त में मिलेगा।
हर गरीब परिवार को सुरक्षित और पक्का घर मिलेगा।
हर राशन कार्ड होल्डर को प्रति व्यक्ति 5 किलो अनाज मुफ्त मिलेगा. राशन की होम डिलीवरी होगी।
मनरेगा में 100 दिन काम की गारंटी मिलेगी।
अकुशल श्रमिकों को 400 प्रति दिन मजदूरी दी जाएगी।
60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को 1000 मासिक पेंशन मिलेगा।
पेट्रोल, डीजल और LPG की कीमतों को कम करेंगे।
लड़कियों को शिक्षा के लिए 25,000 तक की मदद मिलेगी।
सभी को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाएगा।
नागरिकता संशोधन कानून (CAA) रद्द होंगे। राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) लागू नहीं होगा।
किसानों के लिए MSP गारंटी, फसलों की लागत से कम से कम 50% अधिक दाम मिलेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com