Saturday , March 21 2026

चैत्र नवरात्री पर वैष्णो देवी में भक्तों की भारी भीड़, खराब मौसम के बावजूद दर्शन के लिए पहुंचे 31,000 श्रद्धालु

नवरात्र के पहले दिन बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में 31,000 से अधिक श्रद्धालु खराब मौसम की परवाह किए बिना पहुंचे और देवी मां के दर्शन किए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “नवरात्र के पहले दिन (बृहस्पतिवार) रात 10 बजे तक लगभग 31,690 तीर्थयात्रियों ने मंदिर में दर्शन किए और पूजा की।” नवरात्र 19 मार्च से शुरू हुए हैं और 27 को समाप्त होंगे, अधिकारियों को प्रतिदिन 30,000 से अधिक श्रद्धालुओं के मंदिर आने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को यात्रा के लिए 15,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया जबकि सुबह से ही सैकड़ों लोग दर्शन के लिए मंदिर की ओर उमड़ पड़े। बृहस्पतिवार को भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु ‘जय माता दी’ का जयकारा लगाते हुए त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर तक घुमावदार मार्ग पर चलकर दर्शन करने और देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना के जवानों को शामिल करते हुए व्यापक, बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है, साथ ही एक एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र के माध्यम से सातों दिन व चौबीसों घंटे सीसीटीवी के जरिये निगरानी भी की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com