Wednesday , April 15 2026

टिहरी में चार दिवसीय ‘लेक फेस्टिवल’ शुरू, सीएम धामी ने किया शुभारंभ, देशभर से जुटेगें युवा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कहा कि टिहरी झील महज एक पर्यटन स्थल के रूप में ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर साहसिक खेलों के केंद्र के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। धामी ने यहां चार दिवसीय टिहरी लेक फेस्टिवल ‘हिमालयन ओ-टू’ का उद्घाटन करने के बाद कहा,” टिहरी झील जल क्रीड़ा और साहसिक खेलों का वैश्विक गंतव्य बन गया है। बीते एक साल में टिहरी झील में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई साहसिक खेल प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक आयोजित की गयी हैं।” उन्होंने कहा कि वर्तमान में टिहरी झील में नौकायन, जेट स्की, कयाकिंग, कैनोइंग, स्कूबा डाइविंग, पैरासेलिंग, क्रूज जैसी गतिविधियां आयोजित कराई जा रही हैं जबकि 400 से अधिक खिलाड़ियों को पैराग्लाडिंग समेत कई अन्य साहसिक खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी में पर्यटन के अलावा आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और बड़े आयोजन की भी अपार संभावनाएं हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से टिहरी झील और आस-पास के क्षेत्र में 1,300 करोड़ रुपये की योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इस मौके पर टिहरी झील रिंग रोड फेज-दो का शिलान्यास भी किया और कहा कि रिंग रोड बनने से यहां के पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर भी मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने नयी टिहरी शहर को टिहरी झील से जोड़ने के लिए कोटी-कालोनी से नयी टिहरी तक रोपवे बनाने की घोषणा भी की।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com