Monday , February 2 2026

संत रविदास जयंती पर Punjab को Airport की सौगात, PM Modi बोले- उनके आशीर्वाद से बनेगा Viksit Bharat

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पंजाब के आदमपुर हवाई अड्डे का दौरा किया और हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर’ रखा। पीएम मोदी ने पंजाब के लुधियाना स्थित हलवारा हवाई अड्डे पर टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया। पीएम मोदी संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर पंजाब आए थे। आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर इस पूजनीय संत और समाज सुधारक को श्रद्धांजलि अर्पित की गई है, जिनकी समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षाएं भारत के सामाजिक मूल्यों को प्रेरित करती रहती हैं। पीएम द्वारा हलवारा हवाई अड्डे पर उद्घाटन किया गया टर्मिनल भवन राज्य के लिए एक नया प्रवेश द्वार स्थापित करेगा, जो लुधियाना और उसके आसपास के औद्योगिक और कृषि प्रधान क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगा। लुधियाना जिले में स्थित हलवारा में भारतीय वायु सेना का एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशन भी है। इस दौरान मोदी ने कहा कि आज माघ पूर्णिमा की पवित्र तिथि है। श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती का पावन अवसर है। इस पुण्य पर्व पर आज मुझे आप सभी के बीच आने का सौभाग्य मिला है। मैं इस पवित्र मंच से श्री गुरु रविदास जी को प्रणाम करता हूं और आप सभी को औऱ सभी देशवासियों को संत रविदास जयंती और माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि मेरा रिश्ता श्री गुरु रविदास जी की जन्मभूमि काशी से है। काशी के लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिए और सांसद के रूप में काशी की सेवा करने का भी मुझे सौभाग्य मिला। मैं जब भी सीर गोवर्धनपुर जाता हूं, बड़ी संख्या में मुझे पंजाब के भाई बहनों से मिलने का भी सौभाग्य मिलता है। मैं इस बार संत रविदास जी की प्रेरणा भूमि पंजाब की वीर भूमि पर आया हूं। मैं मानता हूं कि ये श्री गुरु रविदास जी की ईच्छा है और मेरा बहुत सौभाग्य है। मैं इस आयोजन में निमंत्रित करने के लिए डेरा सचखंड बल्ला का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में डेरा सचखंड बल्लां के कार्य बहुत सराहनीय रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य से जुड़े अनेक कार्य पूज्य संत श्री निरंजन दास जी महाराज के मार्गदर्शन में अविरत हो रहे हैं। उनके नेतृत्व में दुनिया के कई देशों में श्री गुरु रविदास जी के विचारों का प्रसार भी हुआ है। इस योगदान को सम्मान देने के लिए अभी हाल ही में हमारी भाजपा की केंद्र सरकार ने पूज्य संत श्री निरंजन दास जी महाराज को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया है। इस अवसर पर मैं उन्हें आदरपूर्वक नमन करता हूं। मोदी ने कहा कि संत रविदास जी ने हमें सेवा का जो मार्ग दिखाया है उस प्रेरणा को इससे और ऊर्जा मिली है। मैं इस स्नेह के लिए आप सभी का हृदय से बहुत बहुत धन्यवाद करता हूं। अबसे थोड़ी देर पहले संत रविदास जी के नाम पर आदमपुर एयरपोर्ट का नया नामकरण हुआ है। आदमपुर एयरपोर्ट को अब श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा, हलवारा एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन हुआ है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि संत रविदास जी के आशीर्वाद से हम विकसित भारत के लक्ष्य को जरूर पाकर रहेंगे। आज सुबह ही संसद में देश का बजट प्रस्तुत किया गया है। ये बजट, गरीब, अन्नदाता, युवाशक्ति और नारीशक्ति को और सशक्त करने वाला बजट है। ये बजट गांव को मजबूत करने का बजट है। ये किसान की आय बढ़ाने वाला बजट है। ये आत्मनिर्भर भारत को, मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने वाला बजट है। पिछले 11 सालों में बहुत सारी दवाएं सस्ती की गई हैं। गरीबों और बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की सुविधाएं दी गई हैं। इस बजट में इसी संवेदनशीलता के साथ और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कैंसर के इलाज को और सस्ता करने के लिए अनेक कैंसर दवाओं को और सस्ता किया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com