Monday , May 20 2024

गोलीबारी से फिर थर्राया अमेरिका, ह्यूस्टन के लेकवुड चर्च में फायरिंग

अमेरिका के ह्यूस्टन में गोलीबारी की घटना सामने आई है। सीएनएन ने ह्यूस्टन पुलिस प्रमुख ट्रॉय फिनर के हवाले से बताया कि रविवार को ह्यूस्टन में लेकवुड चर्च में गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में शामिल महिला शूटर को मार गिराया है।

महिला शूटर को मार गिराया
रिपोर्ट के मुताबिक, महिला शूटर के साथ एक बच्चा भी था। ह्यूस्टन पुलिस प्रमुख ट्रॉय ने कहा कि उस महिला को घटनास्थल पर ही मार गिराया गया है। उन्होंने बताया कि महिला के साथ मौजूद बच्चे की उम्र करीब चार से पांच साल के बीच है।

महिला ने चर्च में दाखिल होते ही की गोलीबारी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही महिला चर्च में दाखिल हुई तो उसने गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पुलिस अधिकारियों ने उससे बातचीत की कोशिश की, लेकिन महिला शूटर ने गोलीबारी जारी रखी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने गोलीबारी का जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई में बच्चा घायल हो गया और महिला को मौके पर ही ढेर कर दिया।

घायल बच्चे को अस्पताल में कराया भर्ती
ह्यूस्टन पुलिस प्रमुख ट्रॉय फिनर ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि क्या बच्चे को ऑफ-ड्यूटी अधिकारियों ने गोली मारी है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के दौरान 57 वर्षीय एक व्यक्ति भी गोली लगने से घायल हो गया है। बच्चे और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने जताया घटना पर दुख
पुलिस ने कहा कि यह भी स्पष्ट नहीं है कि गोलीबारी का मकसद क्या था और बच्चे का शूटर से क्या संबंध था। ह्यूस्टन पुलिस विभाग के अनुसार, गोलीबारी की ये घटना 3700 साउथ वेस्ट फ्रीवे के पास हुई। वहीं, टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने गोलीबारी की घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि आज पवित्र चर्च के पास गोलीबारी हुई। हम इस हमले में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com