Saturday , July 27 2024

इन राज्यों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ होगी बारिश

उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है। वहीं, महाराष्ट्र, राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार (26 नवंबर) को इन क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है। IMD ने पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश की आशंका जताई है।

IMD का ऑरेंज और रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार देर रात ‘X’ पर एक पोस्ट कर बताया, ‘ऑरेंज और रेड अलर्ट वाले क्षेत्रों (दक्षिणी राजस्थान, महाराष्ट्र और दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश) में अगले 2-3 घंटों के दौरान गरज, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रात के समय पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के आसपास के इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।’

इन शहरों में हो रही हल्की से मध्यम बारिश

IMD ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि, महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं, ओलावृष्टि जारी है। हाल की सैटेलाइट इमेजरी में गुजरात राज्य और दक्षिण राजस्थान में साफ आसमान दिखाई दे रहा है। मध्य प्रदेश में मध्यम बादल, और उत्तर मध्य महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश में तीव्र से बहुत तीव्र बादल बने होंगे।’

इससे पहले, मुंबई क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के साथ तूफान की भविष्यवाणी की थी। पालघर, धुले और नंदुरबार जिलों में भारी बारिश की आशंका है, जबकि ठाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, जलगांव, नासिक, अहमदनगर और पुणे जिलों में बिजली गिरने के साथ आंधी की भविष्यवाणी की गई है।

बिहार में ठंड ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

पछुआ हवा के कारण प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। रविवार को पटना सहित 14 शहरों के न्यूनतम तापमान में थोड़ी से वृद्धि दर्ज की गई, वहीं अन्य राज्यों के तापमान में तेजी से गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के अन्य भागों का न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ने की संभावना है। रविवार को गया शहर दूसरे दिन भी प्रदेश का सबसे ठंडा रहा।

दिल्ली में कैसी रहेगी ठंड?

प्रदूषण की समस्या के बीच दिल्ली में ठंड भी बढ़ती जा रही है। Accu Weather के मुताबिक, दिल्ली का आज का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज सुबह हल्की बारिश होगी और शाम तक दिल्ली के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। बारिश होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ेगी। इसके साथ ही बृहस्पतिवार और शुक्रवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा दिन के तापमान में भी गिरावट होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com