उत्तर भारत के लोगों को जबरदस्त सर्दी का सितम सहना पड़ रहा है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने कंपकंपी और बढ़ा दी है। दिल्ली हो या राजस्थान, या फिर एमपी… हर जगह ठंड सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। जबरदस्त ठंड के चलते लोग अपने घरों में कैद हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, सर्दी से फिलहाल राहत मिलने वाली नहीं है।

48 घंटे ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने कहा कि ठंड से दो दिन तक राहत नहीं मिलेगी। अगले 48 घंटे तक शीतलहर चलने का अनुमान जताया गया है। पहाड़ों में 8 जनवरी के बाद बर्फबारी भी हो सकती है।
कहां कितना तापमान?
दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4, पालम में 7, जबकि आयानगर में 6 जनवरी को 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में बीकानेर सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 0 डिग्री तक पहुंच गया। चुरू में 1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। मध्य प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। नौगांव में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री पहुंच गया है। खजुराहो में 2.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। भोपाल में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रहा।
पहाड़ों में भी ठंड का कहर
पहाड़ों में भी ठंड अपना कहर बरपा रही है। उत्तराखंड में पिछले 83 दिनों से बारिश नहीं हुई है। नवंबर व दिसंबर में उत्तराखंड में सामान्य से 98 प्रतिशत बारिश कम हुई है। जम्मू-कश्मीर में चिल्लेकलां का कड़ाके की ठंड व शीतलहर वाला दौर जारी है। जम्मू में गुरुवार का दिन श्रीनगर से भी अधिक ठंडा था। श्रीनगर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 11.0 डिग्री रहा। वहीं, जम्मू में 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ऊना में शिमला से ज्यादा ठंड
हिमाचल प्रदेश मैदानी जिले ऊना में राजधानी शिमला से ज्यादा ठंड पड़ रही है। ऊना में अधिकतम तापमान में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में 12 स्थानों पर तापमान जमावबिंदु से नीचे दर्ज किया जा रहा है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal