दिल्ली-एनसीआर सहित समूचा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में आने लगा है। कमोबेश सभी जगह तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राष्ट्रीय राजधानी समेत आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे दिल्ली में सुबह के वक्त दृश्यता मात्र 50 मीटर रह गई थी। वहीं पारा 6.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

घने कोहरे का अलर्ट जारी
कोहरे की वजह से सुबह के वक्त वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिन तक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
एक दो दिन के लिए बिहार, उप-हिमालयी क्षेत्र, बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाएगा। दिल्ली में मंगलवार सुबह सोमवार से भी घना कोहरा दिखा। सुबह साढ़े आठ बजे पालम हवाई अड्डे पर 25 मीटर और सफदरजंग हवाई अडडे पर 50 मीटर दृश्यता रही। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 23.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस के लिहाज से जाफरपुर और मुंगेशपुर दिल्ली के सबसे ठंडे इलाके रहे। वहीं 6.2 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के लिहाज से लोधी रोड दिल्ली का सबसे ठंडा इलाका रहा। बुधवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 21 और छह डिग्री सेल्सियस रहेगा।
जारी रहेगी शीतलहर
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार-पांच दिन उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर की स्थिति जारी रहने वाली है।
बठिंडा, बरेली में शून्य दृश्यता
मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे पंजाब के बठिंडा और उत्तर प्रदेश के बरेली में दृश्यता शून्य रही। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, गंगानगर और दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर 25 मीटर दृश्यता रही। दिल्ली के सफदरजंग एयरपोर्ट सहित अंबाला, चंडीगढ़, हिसार, करनाल में दृश्यता 50 मीटर रही।
यलो से आरेंज अलर्ट जारी
सिंधु व गंगा के मैदानी इलाकों में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में नमी और मंद गति की हवा के कारण, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में रात व सुबह के वक्त घना कोहरा रहने का अनुमान है। इन इलाकों के लिए यलो और आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal