Wednesday , November 25 2026

यूपी में ताइवान की कंपनी लगाएगी 1,141 करोड़ का दांव, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश को लेकर एक और बड़ी पहल सामने आई है। ताइवान की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक प्रदेश में करीब 1,141 करोड़ रुपये का निवेश करने की तैयारी की है। कंपनी के अध्यक्ष यूजीन हुआंग ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स और सेंसर विनिर्माण क्षेत्र में निवेश का प्रस्ताव रखा। इस परियोजना से प्रदेश में 1,150 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, यूजीन हुआंग ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर एक शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में कंपनी की विनिर्माण इकाई स्थापित करने की इच्छा जताई। प्रस्तावित निवेश करीब 12.2 करोड़ अमेरिकी डॉलर का है।
यूपी की नीतियों और कानून-व्यवस्था से प्रभावित कंपनी
बयान के अनुसार बैठक के दौरान हुआंग ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी कार्यप्रणाली और निवेश अनुकूल नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास और उद्योगों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार होने से वैश्विक निवेशकों का राज्य के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है। हुआंग ने कहा, ”हम यहां एक महत्वपूर्ण विनिर्माण इकाई स्थापित करके उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं।”योगी सरकार ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेश प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्यों में शामिल हो चुका है। राज्य सरकार प्रदेश में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का मजबूत परिवेश विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग देगी। अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में 300 एकड़ में विकसित किए जा रहे ‘ताइवान सिटी’ और प्रदेश में स्थापित हो रही सेमीकंडक्टर इकाई का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार की नीतियां उद्योगों के अनुकूल हैं और निवेशकों की सुविधा तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
1,150 से ज्यादा नौकरियां, 200 से अधिक हाई स्किल पद
बयान के अनुसार आदित्यनाथ ने कहा कि कंपनी की प्रस्तावित इकाई की स्थापना से प्रदेश के आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार और कौशल आधारित अवसरों के नए रास्ते खुलेंगे। बयान के मुताबिक इस परियोजना से प्रदेश में 1,150 से अधिक नए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है, जिनमें स्थानीय इंजीनियरों और प्रबंधन पेशेवरों के लिए 200 से अधिक उच्च कौशल वाले पद शामिल होंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com