राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत अलीगढ़ के दो गरीब परिवारों के मासूम बच्चों को नया जीवन मिला है। जन्म से सुनने और बोलने में असमर्थ इन बच्चों का कानपुर के मेहरोत्रा ईएनटी हॉस्पिटल में सफल कोक्लियर इम्प्लांट किया गया है। एक बच्चे की सर्जरी पर आने वाला करीब 6 लाख रुपये का पूरा खर्च सरकार ने वहन किया है।
अतरौली के गांव खेड़ा कल्याणपुर निवासी परमवीर के दो वर्षीय पुत्र और किंजलपुर निवासी मुकेश कुमार के तीन वर्षीय पुत्र युवराज सिंह बचपन से ही मूक-बधिर थे। आर्थिक तंगी के कारण दोनों परिवार महंगा इलाज कराने में असमर्थ थे। स्वास्थ्य विभाग की आरबीएसके टीम ने गांव-गांव सर्वे के दौरान इन बच्चों को चिन्हित किया और जांच के बाद कानपुर भेजकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से इनकी सर्जरी कराई। अब दोनों बच्चे सुन सकेंगे और स्पीच थेरेपी के जरिए धीरे-धीरे बोलना भी सीखेंगे। 2021 से अब तक 31 बच्चों की हुई सर्जरी जिले में वर्ष 2021 से अब तक आरबीएसके के माध्यम से करीब 31 बच्चों का सफल कोक्लियर इम्प्लांट कराया जा चुका है। सर्जरी के बाद दोनों बच्चों के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वास्थ्य विभाग का आभार जताते हुए इसे अपने बच्चों के लिए नया जन्म बताया है।
क्या होता है कोक्लियर इम्प्लांट?
यह एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक यंत्र है, जिसे सर्जरी के जरिए कान के अंदर लगाया जाता है। जिन बच्चों के कान का अंदरूनी हिस्सा काम नहीं करता, यह यंत्र उनके दिमाग तक आवाज के संकेत पहुंचाता है। इसके बाद स्पीच थेरेपी की मदद से बच्चे बोलना सीखते हैं।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal