Wednesday , November 25 2026

अस्पतालों की सभी फार्मेसियों की होगी जांच, 4 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को दवाओं की कीमतों को लेकर पारदर्शिता देने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेशभर की हॉस्पिटल फार्मेसियों की जांच का विशेष अभियान शुरू किया है। 4 दिसंबर 2026 तक चलने वाले अभियान में औषधि निरीक्षक यह जांच करेंगे कि अस्पताल परिसर में संचालित फार्मेसियों ने विभाग के निर्देश के मुताबिक अपनी वेबसाइट पर दवाओं के खरीद मूल्य और मरीजों को बिक्री के मूल्य समेत निर्धारित जानकारियां सार्वजनिक की हैं या नहीं। आयुक्त एफएसडीए डॉ. रोशन जैकब ने सभी सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को अभियान के संबंध में निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक जिले में संचालित हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया जाएगा। जिन फार्मेसियों ने निर्धारित जानकारी वेबसाइट पर सार्वजनिक नहीं की है, उनसे औषधि निरीक्षक ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत निर्धारित विवरण मांगेंगे। अभियान की निगरानी के लिए औषधि निरीक्षकों को प्रतिदिन निरीक्षण रिपोर्ट मुख्यालय के निर्धारित गूगल फॉर्म पर भेजनी होगी। वहीं, सहायक आयुक्त (औषधि) अपने-अपने मंडलों में अभियान की नियमित निगरानी करेंगे।
कीमत तय करना नहीं, पारदर्शिता लाना मकसद
विभाग ने साफ किया है कि इस अभियान का उद्देश्य अस्पताल फार्मेसियों की दवाओं की कीमत या उनके व्यापारिक मार्जिन पर कोई सीमा तय करना नहीं है। मुख्य उद्देश्य सेल्फ-डिस्क्लोजर के जरिये मरीजों को यह जानकारी देना है कि फार्मेसी किसी दवा को किस कीमत पर खरीद रही है और मरीज को किस कीमत पर बेच रही है। इससे मरीज और उनके परिजन उपलब्ध कीमतों को समझकर सूचित निर्णय ले सकेंगे।
वेबसाइट पर लाइसेंस से स्टॉक तक की जानकारी
एफएसडीए के 1 अक्टूबर 2026 के आदेश में फार्मेसियों के लिए वेबसाइट पर लाइसेंस संबंधी विवरण, फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, लाइसेंसधारक का नाम और परिसर का पता सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए थे। इसके साथ नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या और फोटो तथा साप्ताहिक स्टॉक की जानकारी भी उपलब्ध करानी है। वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट करने और उसका यूआरएल फार्मेसी काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश हैं। ग्राहकों की सुविधा के लिए वेबसाइट का लिंक ऐप अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराने को भी कहा गया है। अस्पताल की इन-पेशेंट फार्मेसी में प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) की जानकारी सार्वजनिक करने का विशेष प्रावधान किया गया है।
खरीद मूल्य और एमआरपी के अंतर पर भी नजर
एफएसडीए की पिछली प्रवर्तन कार्रवाई में कुछ मामलों में ऐसी दवाएं सामने आई थीं, जिन्हें निर्माता, मार्केटर या स्टॉकिस्ट से अस्पताल फार्मेसियों को एमआरपी से काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराया गया था। ऐसे मामलों में मरीजों को खरीद मूल्य पर मिलने वाली छूट का लाभ किस स्तर तक पहुंचा, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं थी। विभाग के मुताबिक खरीद और बिक्री मूल्य में असामान्य अंतर सामने आने पर उसकी जांच जरूरी है। मूल्य संबंधी जानकारी सार्वजनिक होने से ऐसी विसंगतियों की पहचान के साथ संदिग्ध अथवा नकली दवाओं की जांच में भी मदद मिल सकती है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com