Tuesday , November 24 2026

11 लाख दीयों से जगमगाएंगे काशी के घाट, आसमान में दिखेगा 2100 ड्रोन का भव्य शो

देव दीपावली पर मंगलवार को धर्म और आस्था की नगरी काशी 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाएगी। अस्सी घाट से राजघाट तक गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर दीपोत्सव की अनुपम छटा बिखरेगी और देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं व पर्यटकों के बीच काशी में ‘मिनी इंडिया’ का स्वरूप दिखाई देगा। यह आयोजन आस्था और संस्कृति के संगम के साथ-साथ काशी के पर्यटन कारोबार को भी नई गति देगा।
2100 स्वदेशी ड्रोन उकेरेंगे आध्यात्मिक आकृतियां, चेतसिंह किले पर 3डी मैपिंग व लेजर शो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आयोजित इस उत्सव में पहली बार 2100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में भगवान शिव, मां गंगा के अवतरण और काशी की आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी आकृतियां उकेरेंगे। इसके अतिरिक्त चेतसिंह किले पर 17 मिनट की 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और आठ मिनट का लेजर शो आयोजित किया जाएगा, जबकि गंगा पार रेती पर 10 मिनट का ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो उत्सव का आकर्षण बढ़ाएगा।
शाम को होगा दीप प्रज्ज्वलन और गंगा महाआरती, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह होंगे मुख्य अतिथि
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 5:15 से 5:45 बजे तक घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और शाम छह से सात बजे तक प्रमुख घाटों पर गंगा आरती होगी, जिसमें दशाश्वमेध घाट की गंगा महाआरती श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। इस भव्य समारोह में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com