Tuesday , November 24 2026

Balendra Shah India Visit के दौरान हुए बड़े समझौतों को देखकर China ‘परेशान’ ! Modi Diplomacy ने पलट दिया South Asia में खेल

हाल के वर्षों में भारत और नेपाल के रिश्तों में कई बार नरमी और तल्खी दोनों देखने को मिली। खासकर बालेन्द्र शाह सरकार के शुरुआती फैसलों ने सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के सामने मुश्किलें खड़ी कीं। दूसरी ओर, नेपाल में चीन का बढ़ता आर्थिक और रणनीतिक प्रभाव भारत के लिए नई चुनौती बन रहा था। ऐसे माहौल में भारत ने टकराव या दबाव की राजनीति के बजाय धैर्य और शांत कूटनीति का रास्ता अपनाया। आखिरकार इस रणनीति का असर दिखाई दिया और चीन की ओर बढ़ते झुकाव के बीच नेपाल ने एक बार फिर भारत के साथ अपने रिश्तों को प्राथमिकता दी। नेपाली प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा इसी बदलते कूटनीतिक समीकरण का संकेत है। यह महज दो प्रधानमंत्रियों की मुलाकात नहीं, बल्कि दक्षिण एशिया में भारत की रणनीतिक पकड़ और पड़ोसी देशों के साथ उसके प्रभावशाली जुड़ाव का अहम प्रदर्शन है। हम आपको बता दें कि नेपाल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा का कार्यक्रम भी कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। 22 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे बालेन्द्र शाह का 23 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय एवं प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों नेताओं ने आठ समझौतों का आदान-प्रदान किया, विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके सम्मान में दोपहर के भोज का आयोजन किया। इसके बाद बालेन्द्र शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और शाम को काठमांडू रवाना हो गए। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पहली द्विपक्षीय यात्रा थी, लिहाजा दिल्ली में उनका स्वागत और प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई बातचीत कूटनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रही। दोनों नेताओं ने आर्थिक सहयोग, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, व्यापार, सुरक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी साझेदारी जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। इस बातचीत का परिणाम आठ महत्वपूर्ण समझौतों के रूप में सामने आया। इनमें अंतरिक्ष और सैटेलाइट संचार, पुलिस सहयोग, फॉरेंसिक विज्ञान, प्रशासनिक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, टिकाऊ शहरी विकास तथा पशुपालन और मत्स्य विकास जैसे क्षेत्र शामिल हैं। साथ ही इन समझौतों का महत्व केवल तात्कालिक लाभ तक सीमित नहीं है। भारत नेपाल की संस्थागत क्षमताओं को मजबूत करने, तकनीकी सहयोग बढ़ाने और सुरक्षा तंत्र को आधुनिक बनाने में साझेदार बन रहा है। दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए नेटवर्क स्थापित करने का समझौता भी इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि भारत क्षेत्रीय तकनीकी सहयोग के माध्यम से अपनी भूमिका को और मजबूत कर रहा है। साथ ही इस यात्रा का सबसे भावनात्मक और रणनीतिक प्रतीक अयोध्या-जनकपुर के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस है। लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन करीब 19 घंटे में अयोध्या और जनकपुर को जोड़ेगी। 28 नवंबर से इसकी नियमित साप्ताहिक सेवा शुरू होगी। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है तो जनकपुर माता सीता की जन्मभूमि। रामायण की सांस्कृतिक परंपरा में दोनों स्थानों का रिश्ता सदियों पुराना है। अब यह रिश्ता केवल धार्मिक यात्राओं और सांस्कृतिक स्मृतियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रेल की पटरियों पर दौड़ता हुआ दोनों देशों के लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को भी जोड़ेगा। इसके अलावा, भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता, खुली सीमा, साझा धार्मिक परंपराएं और सामाजिक-सांस्कृतिक निकटता पहले से ही संबंधों की मजबूत बुनियाद रहे हैं। पशुपतिनाथ और काशी, जनकपुर और अयोध्या, लुंबिनी और बौद्ध परंपरा के अनेक केंद्र दोनों देशों को एक साझा सभ्यतागत विरासत से जोड़ते हैं। हम आपको यह भी बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन्द्र शाह को त्रिवेणी संगम का गंगाजल भेंट किया, जबकि नेपाली प्रधानमंत्री ने पशुपतिनाथ मंदिर का रुद्राक्ष और चंदन उन्हें दिया। यह महज उपहारों का आदान-प्रदान नहीं था, बल्कि दोनों देशों की साझा आस्था और सांस्कृतिक निकटता का कूटनीतिक प्रदर्शन था। इसके अलावा, आर्थिक मोर्चे पर भी भारत ने बड़ी पहल की है। नेपाल में अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए भारत ने 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये यानी लगभग 15 हजार करोड़ भारतीय रुपये के सहयोग पैकेज की घोषणा की है। इसके साथ बनबसा में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट, धुलिखेल-दार्चुला सीमा संपर्क के लिए मोटर योग्य पुल, 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना और मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण जैसे प्रोजेक्ट भी दोनों देशों की साझेदारी को जमीन पर उतार रहे हैं। झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल और प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पाइपलाइन भी ऊर्जा संपर्क की नई संभावनाएं खोलते हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com