हर साल 21 नवंबर को वर्ल्ड फिशरीज डे मनाया जाता है। इसकी शुरुआत सबसे पहले भारत से ही हुई थी। वर्ल्ड फिशरीज मैप पर भारत तेजी से अपनी जगह बना रहा है। भारत दुनिया के प्रमुख झींगा/श्रिम्प उत्पादकों और निर्यातकों में से एक है। पिछले एक दशक के दौरान भारत का फिशरीज उत्पादन दोगुना हो गया है और एक्सपोर्ट के मोर्चे पर भी भारत कई बड़े फिशरीज एक्सपोर्टर्स को टक्कर दे रहा है। वर्ल्ड फिशरीज डे यानि विश्व मत्स्य दिवस सिर्फ मछली उत्पादन बढ़ाने का संदेश नहीं देता, बल्कि यह भी याद दिलाता है कि नदियों, तालाबों और समुद्रों में रहने वाले जीवों की सुरक्षा कितनी जरूरी है। साल 1997 में नई दिल्ली में 18 देशों के प्रतिनिधि एक मंच पर जुटे थे। इसी बैठक में विश्व मत्स्य पालन मंच की नींव रखी गई थी। इस पहल का मकसद छोटे मछुआरों के अधिकारों की रक्षा करना और दुनिया में टिकाऊ मत्स्य पालन को बढ़ावा देना था। आज भारत दुनिया के बड़े मत्स्य उत्पादक देशों में शामिल है। मछली उत्पादन में भारत तीसरे स्थान पर है, जबकि जलीय कृषि में चीन के बाद दूसरे नंबर पर है। झींगा उत्पादन में भी भारत की अहम भूमिका है। यह क्षेत्र देश के करीब 3 करोड़ तटीय और ग्रामीण परिवारों की आजीविका से जुड़ा है। यानी मछली पालन अब सिर्फ भोजन का जरिया नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की रोजी-रोटी और देश की अर्थव्यवस्था का भी अहम हिस्सा बन चुका है। अब बात देश के सबसे बड़े राज्य यूपी की कर लेते है जहां साल 2025 में 15.9 लाख टन मछली का उत्पादन हुआ है. वहीं, साल 2017 में यूपी में 6.6 लाख टन उत्पादन होता था। यूपी में पंगेशियस और तिलापिया जैसी व्यावसायिक प्रजातियों के गुणवत्तापूर्ण बीज की मांग उत्पादन से कहीं ज्यादा है। इसकी पूर्ति के लिए मत्स्य पालकों को पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश से बीज मंगाना पड़ता है मांग को ध्यान में रखते हुए अब उत्तर प्रदेश सरकार ने “वर्ल्डफिश” के साथ तीन साल का समझौता किया है। इसी के तहत गोरखपुर में प्रोजेक्ट ऑफिस खोलकर उन्नत किस्म के बीज उत्पादन में बढ़ोतरी की जाएगी। गोरखपुर में मत्स्य विश्वविद्यालय, 100 एकड़ में एक्वा फिशरीज पार्क और वर्ल्ड फिश सेंटर स्थापित किया जा रहा है. मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद का कहना है कि मछुआ समुदाय को लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उत्तर प्रदेश में तेजी से मत्स्य उत्पादन बढ़ रहा है। कुल मिलाकर नौ साल में मछली उत्पादन में 130% तक के बढ़ोतरी हुई है। ग्रोथ रेट की बात की जाए तो भारत का फिशरीज ग्रोथ रेट 8.74% है जबकि उत्तर प्रदेश का फिशरीज ग्रोथ रेट 19.6% है। देश में मछली उत्पादन के मामले में उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal