Saturday , November 21 2026

Gold Jewellery में मिलावट की खबरों पर GJC ने BIS को किया सतर्क, ग्राहकों को दी सलाह

सोने के आभूषणों का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम और इरिडियम जैसी दूसरी धातुएं मिलाए जाने की खबरों के बीच आभूषण उद्योग निकाय जीजेसी ने शुक्रवार को भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) को आगाह करने के साथ कारोबारियों और ग्राहकों से सावधानी बरतने को कहा। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, रेनियम और इरिडियम जैसी धातुओं को सोने में मिलाकर उसकी शुद्धता बढ़ाए बिना वजन बढ़ाया जा सकता है। ऐसे में खरीदार को आभूषण के वास्तविक वजन और शुद्धता के अनुपात के बारे में गलत जानकारी मिल सकती है और उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण घरेलू परिषद (जीजेसी) के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने एक बयान में कहा, सोने में रेनियम और इरिडियम जैसी धातुओं के संभावित गलत इस्तेमाल से जुड़ी खबरें आई हैं। हम पूरे आभूषण उद्योग और सोने के सभी खरीदारों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। भारतीय मानक ब्यूरो इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने कारोबारियों और ग्राहकों से मिलावट या धोखाधड़ी का कोई मामला सामने आने पर जीजेसी अथवा सीधे बीआईएस में शिकायत दर्ज कराने की अपील की। रोकड़े ने आभूषण कारोबारियों को विनिर्माताओं, थोक विक्रेताओं और आपूर्तिकर्ताओं से खरीदे गए सोने की गुणवत्ता की कड़ी जांच करने को कहा। उन्होंने ग्राहकों को कम बनावट शुल्क के लालच में न आने और भरोसेमंद दुकानदारों से ही आभूषण खरीदने की सलाह दी। खरीदारों को बीआईएस केयर ऐप के जरिये हॉलमार्क की जानकारी की पुष्टि करने और खरीदारी के समय जीएसटी वाला बिल लेने को भी कहा गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com