Wednesday , November 4 2026

शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन तेजी, सेंसेक्स 288 अंक चढ़ा; कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से मिला सहारा

घरेलू शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में भी जारी रहा। बुधवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी बढ़त के साथ खुले। विदेशी निवेशकों की ओर से जारी खरीदारी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 288 अंक चढ़कर 77,185.35 अंक पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 77.25 अंक की बढ़त के साथ 23,890.85 अंक पर कारोबार करता नजर आया।
इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटीसी, अदाणी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही। दूसरी ओर पावर ग्रिड, इटर्नल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और भारती एयरटेल के शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे।
एशियाई बाजारों का मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक गिरावट में रहे। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।
कच्चे तेल के दाम में गिरावट, विदेशी निवेशकों ने लगाए करोड़ों
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 0.43 प्रतिशत घटकर 103.2 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में आई इस नरमी से घरेलू बाजार की धारणा को समर्थन मिला। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 6,836.81 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
पिछले सत्र में भी बाजार ने लगाई थी बड़ी छलांग
मंगलवार को सेंसेक्स 1,225.07 अंक यानी 1.62 प्रतिशत की जोरदार बढ़त के साथ 76,917.85 अंक के दिन के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत चढ़कर 23,810.85 अंक पर पहुंच गया था। पिछले चार कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स में 3,671.82 अंक यानी पांच प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी 1,112 अंक यानी 4.89 प्रतिशत मजबूत हुआ।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com