उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया है। आज उत्तर प्रदेश में बाजार देर रात तक गुलजार रहते हैं, व्यापारी बेखौफ होकर कारोबार का विस्तार कर रहे हैं और बेटियां सुरक्षित माहौल में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदेश में आए बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रात में जगमगाते बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रोशनी केवल व्यापार का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह व्यापारियों के विश्वास को भी दर्शाती है। वहीं, नाइट शिफ्ट में निर्भय होकर काम करने वाली महिलाओं का आत्मविश्वास पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है।
2017 से पहले सूर्यास्त के साथ सिमट जाता था कारोबार: योगी
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में पिछली सरकारों के कार्यकाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सुरक्षा और विश्वास का ऐसा वातावरण हमेशा से नहीं था। वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त के साथ ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में चिंता बनी रहती थी। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का काम किया है।
जीरो टॉलरेंस नीति से मजबूत हुई कानून-व्यवस्था
मुख्यमंत्री के मुताबिक, अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है। महिला सुरक्षा को भी सरकार ने प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि अब बाजार रात में भी खुले रहते हैं और व्यापारियों को अपने व्यवसाय के विस्तार के नए अवसर मिल रहे हैं। सीएम ने यह भी कहा कि महिलाएं अब सुरक्षित वातावरण में नाइट शिफ्ट समेत विभिन्न कार्यक्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उनके अनुसार, यह बदलाव प्रदेश में बढ़ते विश्वास और महिलाओं के आत्मविश्वास को दर्शाता है।
महिला श्रम बल भागीदारी 13 से बढ़कर 36 प्रतिशत पहुंची
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला श्रम बल भागीदारी के आंकड़ों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में महिलाओं की श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है।उन्होंने इसे महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सामर्थ्य और स्वावलंबन की सशक्त अभिव्यक्ति बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आंकड़ा बताता है कि महिलाएं प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
सुरक्षा से समृद्धि की ओर बढ़ रहा नया उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा कि प्रदेश में सुरक्षा और विश्वास का माहौल आर्थिक गतिविधियों को गति दे रहा है। रात में खुले रहने वाले बाजार, कारोबार के नए अवसर और कार्यस्थलों पर महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए उत्तर प्रदेश की पहचान बन रहे हैं। उन्होंने इसे ‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर बढ़ते उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर बताया।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal